उत्तराखंड

हल्द्वानी: नैनीताल समेत 6 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, अगले तीन दिन बरसेंगे बादल; भूस्खलन और बिजली गिरने का खतरा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज बौछारें, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में कम समय में तेज से अति तीव्र वर्षा, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की आशंका जताई है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बारिश का असर, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित

सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित किया। पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में नेगल गाड़ पर बना अस्थायी पुल तेज बहाव में बह गया, जिससे तीजम और उमचिया गांवों का संपर्क टूट गया।

वहीं गंगोत्री हाईवे पर डबरानी और नेताला के पास मलबा और कीचड़ आने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। यमुनोत्री हाईवे पर स्यानाचट्टी के समीप भूस्खलन के कारण करीब पांच घंटे तक आवाजाही बंद रही। बाद में मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा खोल दिया गया।

राजधानी में भी बदला मौसम
राजधानी देहरादून में सुबह से बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने दिनभर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारों का पूर्वानुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान

8 जुलाई: प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज बौछारें पड़ने की संभावना।

9 जुलाई: मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा। कई स्थानों पर तेज बारिश, आकाशीय बिजली और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

10 जुलाई: कुमाऊं मंडल के अधिकांश तथा गढ़वाल मंडल के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारों का दौर जारी रहने की संभावना।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदियों, बरसाती नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

बारिश गर्मी से राहत जरूर दे रही है, लेकिन लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles