उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर बदरीनाथ धाम के दान-चढ़ावे की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित, 15 दिन में देगी रिपोर्ट

देहरादून। श्री बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट और संस्तुतियां शासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा जारी आदेश के अनुसार गठित समिति की अध्यक्षता गढ़वाल मंडल आयुक्त करेंगे। समिति में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय महानिदेशक के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य बनाया गया है।
समिति श्री बदरीनाथ धाम में प्राप्त होने वाले दान-चढ़ावे से संबंधित शिकायतों एवं कथित अनियमितताओं की सभी पहलुओं से गहन जांच करेगी। जांच के दौरान यदि आवश्यक हुआ तो समिति किसी भी अधिकारी, विशेषज्ञ या संबंधित व्यक्ति का सहयोग और परामर्श भी ले सकेगी।
सरकार ने समिति को केवल जांच तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि दान-चढ़ावे के प्रबंधन तंत्र को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए सुधारात्मक सुझाव देने की जिम्मेदारी भी सौंपी है। समिति अपनी संस्तुतियों के आधार पर भविष्य में व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुधारों की भी सिफारिश करेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में श्री बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर विभिन्न स्तरों पर शिकायतें सामने आई थीं। इन्हीं शिकायतों की निष्पक्ष और व्यापक जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए थे। अब समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



