उत्तराखंड

देहरादून : BKTC ने अध्यक्ष कार्यालय में तैनात कर्मचारी को किया निलंबित, गंभीर अनियमितताओं के आरोपों की जांच जारी

खबर शेयर करें -

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने अनुशासन, जवाबदेही और प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष कार्यालय में तैनात वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

समिति द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रमोद नौटियाल के विरुद्ध पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने पर 3 जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया।

BKTC के अनुसार, कर्मचारी से प्राप्त स्पष्टीकरण और जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट का परीक्षण करने पर आरोप प्रथम दृष्टया पुष्ट पाए गए। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है। समिति का यह भी मानना है कि जांच पूरी होने तक कर्मचारी को वर्तमान पद पर बनाए रखने से जांच प्रभावित होने की संभावना बनी रह सकती है।

इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखते हुए समिति ने प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें BKTC कार्यालय, ज्योतिर्मठ (जनपद चमोली) से संबद्ध किया गया है।

BKTC ने स्पष्ट किया है कि समिति प्रशासन में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles