दिल्ली ब्लास्ट के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट — लालकुआं से देहरादून तक सायरन गूंजा, देवभूमि में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह चौकन्नी! देखें वीडियो:-

देहरादून। दिल्ली के लाल किले के पास हुई कार ब्लास्ट की घटना के बाद उत्तराखंड में भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
डीजीपी दीपम सेठ ने देर रात सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने के आदेश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, राज्य पुलिस ने दिल्ली से सटे इलाकों, बॉर्डर पॉइंट्स और मुख्य बाज़ारों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है।
बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थलों और मॉल्स में भी चेकिंग अभियान तेज़ कर दिया गया है।
देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी, काशीपुर, रुड़की और लालकुआं तक पुलिस टीमें सड़कों पर मुस्तैद हैं।
लालकुआं में तो रेलवे स्टेशन, नेशनल हाईवे और घने बाज़ारों में देर रात तक पुलिस कर्मी गाड़ियों की तलाशी लेते नज़र आए।
सीओ और एसओ स्तर के अधिकारी खुद चेकिंग की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन को बिना जांच आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
डीजीपी ने स्पष्ट किया — “राज्य में सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा, हर स्तर पर सख्ती बरती जाएगी।”
इधर खुफिया एजेंसियों ने भी सतर्कता बढ़ा दी है और स्थानीय पुलिस को लगातार इनपुट साझा किए जा रहे हैं।
फोर्स को भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।






