उत्तराखंड

हल्द्वानी में बड़ा हादसा: अमेजन डिलीवरी स्टोर में भीषण आग, अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत; लाखों का सामान खाक

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: शहर के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां स्थित अमेजन डिलीवरी स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की जलने और दम घुटने से मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि पूरे स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान, डिलीवरी पार्सल, एक स्कूटी और मालवाहक टेम्पो जलकर राख हो गए।

शटर बंद होने से नहीं बच सकी जान
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे स्टोर से अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। पास में स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस बल और दमकल की कई गाड़ियों के साथ पहुंचे।

स्टोर का शटर बाहर से बंद होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी परेशानी आई। दमकल कर्मियों ने कटर की मदद से शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अंदर मौजूद दोनों कर्मचारी अपनी जान गंवा चुके थे।

गौलापार और पंचायतघर के रहने वाले थे मृतक

हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है। दोनों आग लगने के समय स्टोर के अंदर सो रहे थे और धुएं के कारण बाहर नहीं निकल सके। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्टोर के अंदर चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। आग की चपेट में स्कूटी, मालवाहक टेम्पो और स्टोर में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस कर रही जांच

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। शटर तोड़कर आग पर काबू पाया गया, लेकिन दो कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा सुरक्षा मानकों और बंद परिसरों में कर्मचारियों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *