उत्तराखंड

संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर लालकुआं में उमड़ा जनसैलाब, संस्कृति और एकता का दिखा विराट स्वरूप

खबर शेयर करें -

लालकुआं/संवादाता

लालकुआं के भोला मंदिर के निकट फॉरेस्ट जाल मैदान (25 एकड़ रोड) पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन ने पूरे क्षेत्र में सांस्कृतिक चेतना और संगठन शक्ति का सशक्त संदेश दिया। फाल्गुन कृष्ण पक्ष अमावस्या के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में क्षेत्रभर से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, नागरिक, मातृशक्ति और युवाओं की सहभागिता ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।

कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ हुई, जिससे पूरा मैदान राष्ट्रभक्ति के भाव से गुंजायमान हो उठा।

“हिंदू समाज की शक्ति उसकी एकता में” — श्रीमती कमलेश बिष्ट
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की प्रांत प्रमुख श्रीमती कमलेश बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू समाज की असली ताकत उसकी एकजुटता, संस्कारों और सांस्कृतिक चेतना में निहित है। उन्होंने युवाओं से अपने गौरवशाली इतिहास को जानने, समझने और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

संतों ने दिया धर्म जागरण का संदेश

सम्मेलन में परम पूज्य सर्वेश्वरानंद जी महाराज ने धर्म जागरण और सांस्कृतिक संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्कृति की रक्षा ही राष्ट्र की रक्षा है।

स्वामी सोमेश्वर यति जी महाराज ने समाज को संगठित रहने और धर्म रक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

सत्य बोधन जी महाराज (मानव सेवा उत्थान समिति, राष्ट्रीय सचिव) ने सेवा भाव को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।

डॉ. शील निधि जी (आरएसएस उत्तराखंड) ने युवा शक्ति को राष्ट्र का भविष्य बताते हुए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत कार्यवाहिका श्रीमती कमलेश बिष्ट ने मातृशक्ति की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि “सशक्त परिवार ही सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं।”
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में एस.वी. पब्लिक स्कूल, डॉन बॉस्को सीनियर सेकेंडरी स्कूल और होली ट्रिनिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

विशेष रूप से कुमाऊंनी छोलिया नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से बढ़ी गरिमा

कार्यक्रम में पूर्व विधायक नवीन, चंद दुमका, हल्द्वानी महापौर गजराज सिंह बिष्ट, दीपेंद्र कोश्यारी,अंकुर अग्रवाल महाप्रबंधक सीपीपी मिल,पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पवन चौहान, हेमंत नरूला, मुकेश सिंह, संजीव शर्मा, अरुण जोशी, विकास गुप्ता, मानिक त्यागी सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में सहभागिता ने आयोजन को और भी प्रभावशाली बना दिया।

उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान

सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके पश्चात प्रसाद एवं सामूहिक भोजन वितरण किया गया।

आयोजकों ने इसे सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरण और संगठन सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। लालकुआं की धरती पर उमड़ा यह जनसैलाब आने वाले समय में सामाजिक समरसता और संगठनात्मक मजबूती का संकेत देता नजर आ रहा।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *