अन्य प्रदेशकरियरराज्य

‘समृद्ध उद्योग–सशक्त बिहार’ की रफ्तार तेज, बंद चीनी मिलें होंगी चालू: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

खबर शेयर करें -

पटना।

आज 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘7 निश्चय-3’ के तहत ‘समृद्ध उद्योग–सशक्त बिहार’ कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाए जाएं।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंद पड़ी चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर पुनः शुरू करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि इससे गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, समय पर भुगतान सुनिश्चित होगा और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जहां संभावना हो, वहां नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए निवेश आकर्षित किया जाए। इसके लिए भूमि, बिजली, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जोर दिया कि बिहार को देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों की कतार में लाने के लिए योजनाबद्ध और परिणाम आधारित कार्यशैली अपनानी होगी।

बैठक में उद्योग विभाग को परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और तय समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास, कृषि से जुड़ी इकाइयों के विस्तार और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

स्पष्ट है कि ‘समृद्ध उद्योग–सशक्त बिहार’ के तहत राज्य में औद्योगिक पुनर्जागरण की दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। आने वाले समय में इन फैसलों का लाभ किसानों, युवाओं और उद्यमियों को मिलना तय माना जा रहा है।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles