डबल मर्डर से दहला हल्द्वानी: मंडी परिसर में युवक-युवती की सिर कुचली लाशें मिलने से सनसनी

हल्द्वानी।
बरेली रोड स्थित मंडी परिसर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े मिले। दोनों के सिर बुरी तरह कुचले हुए थे, जिससे प्रथम दृष्टया मामला निर्मम हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी।
*पहचान हुई, परिवारों में मचा कोहराम*
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है। युवती की पहचान 19 वर्षीय लक्ष्मी, निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल के रूप में हुई है। वहीं युवक की पहचान शुभम कुमार टम्टा (31), निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा के तौर पर हुई है।
*पहचान होते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया।*
लक्ष्मी बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और अगस्त 2025 से एक रीहैब सेंटर में नौकरी कर रही थी। वह पढ़ाई के साथ काम भी कर रही थी और नौकरी के चलते मुखानी क्षेत्र में रह रही थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे उसके भाई सुरेश ने बताया कि उन्हें किसी पर विशेष संदेह नहीं है और घटना की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
शुभम के माता-पिता का निधन हो चुका है। वह छह भाई-बहनों में से एक था। परिवार के कई सदस्य शिक्षा विभाग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल को तत्काल सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। युवक के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक सिगार (ई-सिगार) बरामद हुई है। इसके अलावा कुछ आपत्तिजनक सामान भी मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मंडी परिसर में काम करने वाले व्यापारियों व मजदूरों से पूछताछ कर रही है।
हर एंगल से जांच, कई आशंकाएं
मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसपी सिटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी और मानवीय दोनों आधारों पर पड़ताल कर रही है। मंडी परिसर में दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड ने शहर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच जारी है… सच जल्द सामने लाने का दावा पुलिस का।






