Breaking Newsउत्तराखंड

लालकुआं में दर्दनाक सड़क हादसा: हाईवे पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर मौत

खबर शेयर करें -

लालकुआं-हल्दूचौड़ मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईवे पार कर रहे 44 वर्षीय युवक की तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजते हुए वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

मंगलवार देर रात करीब पौने 10 बजे लालकुआं और हल्दूचौड़ के बीच बबूर गुमटी क्षेत्र में यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार बबूर गुमटी स्थित नरूला प्लाट में चालक एवं चौकीदार के रूप में कार्यरत प्रेम सिंह (44 वर्ष) हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी की ओर से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेम सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को मृत्यु की पुष्टि के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के दौरान टक्कर मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट घटनास्थल पर ही गिर गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर वाहन की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सड़क पर लहूलुहान हालत में प्रेम सिंह को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख जताते हुए हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि बरामद नंबर प्लेट के आधार पर अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *