उत्तराखंड

रुद्रपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से दहला ट्रांजिट कैंप — एक के बाद एक धमाके, चार युवक झुलसे

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर:

शहर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक किराए के कमरे में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

इस हादसे में चार युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चामुंडा मंदिर, शिव नगर ट्रांजिट कैंप में रहने वाले कुमार सेन, अंकित कुमार, सत्यवीर सिंह और सुमित कुमार एक ही कमरे में किराए पर रहते थे और सिडकुल की एक कंपनी में काम करते थे। रोज की तरह चारों युवक कमरे में गैस पर खाना बना रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर फट गया।

बताया जा रहा है कि पहले एक सिलेंडर में धमाका हुआ, जिसके बाद कमरे में रखे अन्य सिलेंडरों ने भी आग पकड़ ली और एक के बाद एक धमाके होने लगे। आग की लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दीवार तक क्षतिग्रस्त हो गई।

धमाके और आग के बीच चारों युवक बुरी तरह झुलस गए, लेकिन किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अग्निशमन अधिकारी मोहन चंद्र पांडे के मुताबिक, जब तक टीम मौके पर पहुंची, आग काफी फैल चुकी थी और कमरे को भारी नुकसान हो चुका था। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव या तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय सावधानी बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *