#उत्तराखंड : आईआरसीटीसी की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का ऐलान, श्रद्धालुओं को कराएगी ज्योतिर्लिंग और दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थों के दर्शन

*योग नगरी ऋषिकेश से अगले महीने चलेंगी दो भारत गौरव पर्यटक ट्रेनें, आसान पैकेज में मिलेगा धार्मिक यात्रा का मौका*
हरिद्वार : IRCTC ने श्रद्धालुओं के लिए अगले महीने दो विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों और दक्षिण भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
मंगलवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर आयोजित पत्रकारवार्ता में आईआरसीटीसी के ज्वाइंट जनरल मैनेजर वीएन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि पहली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 12 जून को योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, द्वारकाधीश मंदिर, नागेश्वर, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी।
उन्होंने बताया कि यह धार्मिक यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी। इस टूर पैकेज के लिए स्लीपर क्लास का किराया 24,100 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है, जिसमें कंफर्म ट्रेन टिकट, भोजन और ठहरने की सुविधा शामिल रहेगी। वहीं थर्ड एसी के लिए 40,890 रुपये और सेकेंड एसी के लिए 54,390 रुपये चुकाने होंगे। यात्रियों को ईएमआई सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आईआरसीटीसी के अनुसार दूसरी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 29 जून से 10 जुलाई तक संचालित की जाएगी। यह ट्रेन श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे मीनाक्षी मंदिर मदुरै, तिरुपति बालाजी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी।
दक्षिण भारत यात्रा पैकेज के तहत स्लीपर क्लास का किराया 24,350 रुपये, थर्ड एसी का 41,800 रुपये और सेकेंड एसी का 55,750 रुपये तय किया गया है। इस पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, शाकाहारी भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए बस सुविधा भी शामिल रहेगी।
आईआरसीटीसी ने बताया कि यात्री अपनी सुविधा के अनुसार योग नगरी ऋषिकेश, हरिद्वार समेत विभिन्न स्टेशनों से ट्रेन में सवार हो सकेंगे। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की जा रही इन विशेष ट्रेनों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।





