रामनगर–चंडीगढ़ और लालकुआँ–आनंद विहार एक्सप्रेस में आधुनिक LHB कोच, यात्रियों को 220 अतिरिक्त सीटों का लाभ

बरेली।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए
15063/15064 रामनगर–चंडीगढ़–रामनगर एक्सप्रेस तथा 15059/15060 लालकुआँ–आनंद विहार टर्मिनल–लालकुआँ एक्सप्रेस में चल रहे पारंपरिक (कन्वेंशनल) रेक को बदलकर आधुनिक एलएचबी (LHB) रेक लगा दिए हैं। इसके साथ ही साधारण श्रेणी के दो अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।
रेलवे के अनुसार
रामनगर–चंडीगढ़–रामनगर एक्सप्रेस में 02 मार्च 2026 से और लालकुआँ–आनंद विहार टर्मिनल–लालकुआँ एक्सप्रेस में 03 मार्च 2026 से एलएचबी रेक से संचालन शुरू कर दिया गया है। नए रेक लागू होने के बाद ट्रेनों की कोच संरचना में भी बदलाव किया गया है।
परिवर्तित रेक संरचना के अनुसार ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए गए हैं, जिनमें
01 जनरेटर सह लगेज यान
01 एलएसएलआरडी कोच
04 साधारण द्वितीय श्रेणी कोच
04 साधारण कुर्सीयान
03 शयनयान श्रेणी
02 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (AC-3)
01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (AC-2)
01 वातानुकूलित कुर्सीयान कोच शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक कन्वेंशनल कोच की जगह एलएचबी कोच लगाए जाने से साधारण श्रेणी में 220 अतिरिक्त सीटों की बढ़ोतरी हुई है, जबकि विभिन्न आरक्षित श्रेणियों में कुल 44 अतिरिक्त बर्थ भी उपलब्ध होंगी। इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा और सुरक्षा मिलेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा (इज्जतनगर मंडल) ने बताया कि एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक से बने होते हैं, जो अधिक सुरक्षित, आरामदायक और तेज गति के अनुकूल होते हैं।





