“हरियाली की ओर बड़ा कदम: सेंचुरी पेपर मिल में हुआ व्यापक वृक्षारोपण अभियान”विश्व पर्यावरण दिवस पर भव्य आयोजन, 250 लाख पौधारोपण का रखा लक्ष्य


लालकुआं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को सेंचुरी पल्प एंड पेपर में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य संचालन अधिकारी प्रणव शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक कर्तव्य बन चुका है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष कुछ पौधे लगाकर उनका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इस अवसर पर कंपनी के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा ने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन एक-दूसरे के पूरक हैं तथा पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण पूरी दुनिया गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में उद्योगों, संस्थानों और आम नागरिकों को मिलकर हरित विकास की दिशा में कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, भूमि संरक्षण और जैव विविधता को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि केवल पौधारोपण तक सीमित न रहें, बल्कि पौधों के संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान नरेश चंद्रा ने बताया कि सेंचुरी पल्प एंड पेपर द्वारा वर्ष 2025-26 में 222.11 लाख पौधों का वृक्षारोपण एवं किसानों को पौध वितरण किया गया। वहीं वर्ष 2026-27 में 250 लाख पौधों के वृक्षारोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के साथ 200 एकड़ भूमि पर वृक्षारोपण हेतु एमओयू (MoU) हस्ताक्षरित किया गया है, जिसके अंतर्गत वृक्षारोपण कार्य प्रारंभ हो चुका है। यह पहल क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
कार्यक्रम में मुख्य वित्त अधिकारी महेंद्र कुमार हरित, संजय यादव, संजय बाजपेयी, अमृत सैनी, अनिल दुबे, राजेश कुमार, महेश शर्मा, वंदना पंत, सुष्मिता रावत, भरत पांडेय सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर सेंचुरी पल्प एंड पेपर का यह संकल्प न केवल उद्योग जगत के लिए प्रेरणादायी है, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण संदेश देता है।






