सीएम धामी ने दीपावली पर की स्थानीय दुकानों से खरीदारी, कुम्हारों से लिए दीये-बर्तन, UPI से किया पेमेंट — बोले, ‘लोकल खरीदो, देश को मज़बूत बनाओ’

देहरादून।
दीपावली के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून की चकराता रोड पर पहुंचकर स्थानीय दुकानदारों और कुम्हारों से मिट्टी के दीये, बर्तन और पारंपरिक सामान खरीदे। इस दौरान सीएम ने नकद के बजाय UPI से डिजिटल पेमेंट कर लोगों को संदेश दिया कि आधुनिकता और परंपरा का संगम ही सच्ची आत्मनिर्भरता है।
सीएम धामी ने स्थानीय कारीगरों और दुकानदारों से बातचीत करते हुए कहा—
“दीपावली सिर्फ रोशनी का नहीं, आत्मनिर्भर भारत का भी पर्व है। जब हम लोकल उत्पाद खरीदते हैं, तो सिर्फ सामान नहीं लेते, किसी परिवार की रोज़ी-रोटी को सहारा देते हैं।”
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे इस त्योहारी सीज़न में देशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जन-आंदोलन बनाएं।
दुकानदारों ने भी खुशी जताई कि इस साल बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि GST दरों में राहत और स्थानीय खरीददारी को बढ़ावा मिलने से व्यापार में इस बार खासा उछाल आया है।
सीएम ने कहा कि यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी अपनाओ’ अभियान की सफलता का प्रमाण है।





