पत्रकारों के स्वास्थ्य की चिंता: सीएम धामी के निर्देश पर हल्द्वानी मीडिया सेंटर में लगा विशेष मेडिकल कैंप

हल्द्वानी।
पत्रकारों की भागदौड़ भरी दिनचर्या, लगातार फील्ड ड्यूटी, मानसिक दबाव और अनियमित खानपान को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गुरुवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में एक दिवसीय विशेष चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में जनपद भर के पत्रकारों और उनके परिजनों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की गईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य मीडिया कर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित करना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में आधुनिक स्वास्थ्य परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनमें एक्स-रे, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, थायरॉइड जांच तथा विभिन्न प्रकार की रक्त जांच शामिल रहीं। इसके अलावा हृदय रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक एवं फिजिशियन द्वारा विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. हरीश चंद्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और चिकित्सकीय टीम से जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है।
शिविर में हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं, कालाढूंगी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े करीब 100 से अधिक पत्रकारों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जांच के बाद आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर विभिन्न जनपदों में आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “सबका स्वास्थ्य, सबका विकास” की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिविर में डॉ. आर.एस. कुंवर (फिजिशियन), डॉ. सुधांशु सिंह (हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. पी.एस. खोलिया (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. अनीता पवार (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विजय (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. दीप्ति (दंत रोग विशेषज्ञ) तथा फार्मेसिस्ट दीपा सुनारी सहित चिकित्सा टीम उपस्थित रही। साथ ही जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम और अनेक मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
यह पहल न केवल पत्रकारों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम है, बल्कि सरकार और मीडिया के बीच सहयोगात्मक संबंधों को भी मजबूत करने का संदेश देती है।







