देहरादून : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा बूथ और कार्यकर्ताओं को समर्पित, बोले महेंद्र भट्ट — यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत


देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगामी उत्तराखंड दौरा संगठन की सबसे पहली और सबसे मजबूत इकाई ‘बूथ’ और कार्यकर्ताओं को समर्पित है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और बूथ कार्यकर्ताओं के बीच सीधा संवाद ही भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी और सर्वश्रेष्ठ राजनीतिक पार्टी बनाता है।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित तैयारी बैठकों के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन पदाधिकारियों, मीडिया- सोशल मीडिया टीम, जिला अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ समन्वय बैठकें कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी मौजूद रहे।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा अपनी सभी सांगठनिक गतिविधियों का केंद्र बूथ को मानती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का बूथ अध्यक्षों के घर जाना, बूथ समिति के सदस्यों से संवाद करना, उनका फीडबैक लेना और उनके सुख-दुख की चिंता करना भाजपा की कार्यकर्ता आधारित संस्कृति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार दोनों में ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत पर कार्य करती है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा अंतिम पंक्ति में खड़े कार्यकर्ता तक सीधी पहुंच और सम्मान ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा उत्तराखंड भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और आगामी चुनावों के लिए संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।








