देहरादून : भयावह पड़ती गर्मी के बीच ,गर्मी से राहत मिलने कि खबर, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

उत्तराखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने के आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने आगामी दिनों के लिए राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 28 और 29 मई के लिए कई जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गर्जन के साथ तेज बारिश, ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना बनी हुई है।
29 मई को मौसम और अधिक सक्रिय रहने के संकेत हैं।
उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
इसके अलावा 30 और 31 मई के लिए पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने और आपदा से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और आकाशीय बिजली व तेज हवाओं के समय पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है।







