दस्तक दे दी मानसून ने , भीषण गर्मी से मिलेगी राहत; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली: देशभर में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है और अब इसका असर धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों में भी दिखाई देने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं केरल और कर्नाटक में अगले सात दिनों तक लगातार भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु के कई इलाकों में भी तेज बारिश का अनुमान है।
दक्षिण भारत में सक्रिय रहेगा मानसून
आईएमडी के मुताबिक आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
*उत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम*
हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन बारिश के चलते गर्मी से राहत मिलेगी।
*दिल्ली में भी राहत की बारिश*
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवाओं ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दी है। मौसम विभाग ने राजधानी में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
*उत्तर-पूर्वी राज्यों में लगातार बरसेंगे बादल*
नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों में बारिश का सिलसिला आने वाले दिनों तक जारी रह सकता है।
*मछुआरों के लिए चेतावनी*
आईएमडी ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों और समुद्री गतिविधियों से जुड़े लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में हवाओं की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो बढ़कर 65 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। वहीं महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और केरल तट के आसपास भी तेज हवाएं चलने की संभावना है।






