उत्तराखंड

मिडिल ईस्ट में जंग का असर: देश में महंगा हुआ गैस सिलेंडर, घरेलू पर ₹60 और कमर्शियल पर ₹115 की बढ़ोतरी

खबर शेयर करें -

7 मार्च से नई दरें लागू, दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹913 और कमर्शियल ₹1883 पहुंचा

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-इजरायल तथा ईरान के बीच जारी संघर्ष का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। आम जनता को महंगाई का झटका देते हुए घरेलू और कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है।

सरकारी तेल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की है, जबकि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 115 रुपये का इजाफा किया गया है। नई कीमतें 7 मार्च 2026 से पूरे देश में लागू हो गई हैं।

नई दरों के बाद दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। मुंबई में यह 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये पहुंच गई है। वहीं चेन्नई में घरेलू सिलेंडर अब 928.50 रुपये में मिलेगा।

कमर्शियल सिलेंडर की बात करें तो दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 1835 रुपये, कोलकाता में 1990 रुपये और चेन्नई में 2043.50 रुपये हो गई है।

दरअसल, पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दबाव बना हुआ है, जिसका असर एलपीजी की कीमतों पर भी पड़ रहा है।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles