खुशखबरी: दीपावली और छठ महापर्व पर लालकुआं, काठगोदाम और टनकपुर से चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें, सीधे महानगरों से जुड़ेगा इज्जतनगर मंडल!

लालकुआं/काठगोदाम/टनकपुर: दीपावली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय ने पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के विभिन्न स्टेशनों से देश के प्रमुख महानगरों के लिए पूजा विशेष ट्रेनें चलाना शुरू कर दिया है।
इन विशेष ट्रेनों के माध्यम से क्षेत्रीय यात्रियों को कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, झांसी, प्रयागराज, लखनऊ सहित कई अन्य महानगरों तक सुलभ और सुविधाजनक सीधा रेल संपर्क मिलेगा।
इज्जतनगर मंडल से प्रतिदिन लगभग 45 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित की जा रही हैं, जिनमें सामान्य, द्वितीय और एसी क्लास की सुविधा उपलब्ध है। हाल ही में ट्रेनों के कोचों की संख्या बढ़ाकर 12 कर दी गई, जिससे प्रतिदिन लगभग 12,000 यात्रियों की यात्रा क्षमता बढ़ गई है। यह सुविधा विशेष रूप से बरेली सिटी–टनकपुर–रामनगर–मुरादाबाद–लालकुआं सर्किट में उपलब्ध कराई गई है।
रेल प्रशासन के अनुसार, इस कदम से भीड़ में कमी आएगी, समयपालन बेहतर होगा और यात्रियों की संतुष्टि बढ़ेगी। पूजा विशेष ट्रेनों के संचालन से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।
– संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर







