औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, ‘उद्योग मित्र’ बैठक में डीएम ने दिए समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

हल्द्वानी |
जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में ‘उद्योग मित्र’ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों और उद्यमियों के बीच विभिन्न औद्योगिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और विभागीय समन्वय के साथ कार्य कर औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत ढांचा और सुविधाएं उपलब्ध कराना औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक आस्थान क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और वैकल्पिक मार्गों से जुड़ी समस्याएं उठाईं।
इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही औद्योगिक इकाइयों में सड़क और विद्युत कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश भी दिए गए। जीएसटी रिफंड और औद्योगिक प्रोत्साहन योजनाओं से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बजूनियाहल्दू–पतलिया से कोटाबाग तक वैकल्पिक मार्ग विकसित करने के प्रस्ताव की जानकारी दी गई, जिसे प्रथम चरण में शासन को भेजा जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन स्तर पर इसकी प्रगति की जानकारी लेकर प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृत कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला उद्योग केंद्र की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत ब्याज, विद्युत और परिवहन उपादान से जुड़े लगभग 59 लाख रुपये के 19 प्रस्ताव समिति के समक्ष रखे गए, जिन्हें अनुमोदन के लिए संस्तुति दी गई। वहीं सूर्या गांव–सातताल मोटर मार्ग निर्माण के लिए 26.96 लाख रुपये का प्रस्ताव भी शासन को पुनः भेजे जाने की जानकारी दी गई।
बैठक में कोटाबाग विकासखंड में 33 केवीए के नए विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि चयन की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि वह स्वयं प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करेंगे और राजस्व भूमि पर अतिक्रमण हटाकर चारदीवारी निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा बैठक में SIDCUL भीमताल क्षेत्र में कचरा निस्तारण व्यवस्था, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और सड़कों की मरम्मत, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों की तकनीकी जांच, औद्योगिक क्षेत्रों के संपर्क मार्गों की मरम्मत तथा कोटाबाग औद्योगिक क्षेत्र में पानी की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई और संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योगों को बेहतर वातावरण देने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उद्यमियों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता, हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आर.सी. बिंजोला, सचिव मनोज डागा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।







