उत्तराखंड

हल्द्वानी डबल मर्डर मिस्ट्री: लक्ष्मी और शुभम उर्फ गोलू की बेरहमी से हत्या, SSP मंजूनाथ टी.सी. बोले—जल्द होगा खुलासा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी।

गुरुवार हल्द्वानी शहर सुबह उस वक्त सन्न रह गया जब बरेली रोड स्थित मंडी परिसर के भीतर युवक-युवती के सिर कुचले शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई। सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। अब मृतकों की पहचान हो चुकी है, लेकिन सवाल वही—आख़िर लक्ष्मी और शुभम उर्फ गोलू के हत्यारे कौन हैं?

मृतकों की पहचान

पुलिस जांच के बाद युवती की पहचान लक्ष्मी (19 वर्ष) निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल और युवक की पहचान शुभम कुमार टम्टा उर्फ गोलू (31 वर्ष) निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। दोनों के शव मंडी परिसर के सुनसान हिस्से में सिर कुचली अवस्था में पाए गए।

मौके पर हड़कंप, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मौके को तत्काल सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।

एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटनास्थल से क्या मिला?

जांच के दौरान पुलिस को मृतक शुभम के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक सिगार (ई-सिगार) बरामद हुई है। इसके अलावा कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस इन बरामद वस्तुओं को केस की अहम कड़ी मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

परिवारिक पृष्ठभूमि

शुभम छह भाई-बहनों में से एक था। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार के अधिकांश सदस्य शिक्षा विभाग से जुड़े बताए जाते हैं।

वहीं लक्ष्मी आठ भाई-बहनों में छठे नंबर पर थी। उसके पिता पुजारी हैं। लक्ष्मी बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और मेडिकल स्टोर में काम करती थी। परिवार के मुताबिक नौकरी और पढ़ाई की सुविधा के लिए वह मुखानी क्षेत्र में रह रही थी।
लक्ष्मी के भाई सुरेश ने बताया कि उन्हें किसी पर विशेष संदेह नहीं है। सुबह मंडी चौकी से सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे।

कई सवाल, जवाब का इंतजार

रात के अंधेरे में सुनसान मंडी परिसर में हुई इस निर्मम वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह आपसी संबंधों का मामला है? पुरानी रंजिश? या कोई और साजिश? पुलिस हर संभावना पर जांच कर रही है।

फिलहाल पूरा शहर एक ही सवाल पूछ रहा है—

आख़िर इस दोहरे हत्याकांड के पीछे कौन है?
पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात से पर्दा उठाया जाएगा। तब तक हल्द्वानी में खौफ और चर्चा का दौर जारी है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *