हल्द्वानी :- फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई, नामी रेस्टोरेंट्स पर छापेमारी से मचा हड़कंप

*हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, पनीर-मसालों के सैंपल सील कर रुद्रपुर लैब भेजे*
*पर्यटन सीजन और भीषण गर्मी के बीच प्रशासन सख्त, गंदगी मिलने पर कई प्रतिष्ठानों को चेतावनी; रिपोर्ट फेल हुई तो होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई*

हल्द्वानी : पर्यटन सीजन और लगातार बढ़ती गर्मी के बीच आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को हल्द्वानी शहर में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाकर कई नामी रेस्टोरेंट्स, खाद्य प्रतिष्ठानों और सड़क किनारे लगने वाले फास्ट फूड ठेलों की जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आधा दर्जन से अधिक बड़े प्रतिष्ठानों से पनीर, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए। अधिकारियों को कई जगह खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संदिग्ध लगी, जिसके बाद सभी सैंपलों को विधिवत सील कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेज दिया गया।
जांच के दौरान सिर्फ खाद्य सामग्री ही नहीं, बल्कि दुकानों और रसोईघरों की साफ-सफाई भी जांची गई। कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के मानकों की अनदेखी सामने आई, जिस पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। कुछ दुकानदारों को मौके पर ही फटकार लगाते हुए साफ चेतावनी दी गई कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो प्रतिष्ठानों को सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजब सिंह रावत ने बताया कि पर्यटन सीजन और गर्मी के चलते खाद्य पदार्थों में मिलावट और खराब गुणवत्ता की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद जिन प्रतिष्ठानों के सैंपल फेल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ ‘खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006’ और ‘नियमावली 2011’ के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मिलावटखोरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।





