हल्द्वानी में करोड़ों की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 4 शातिर गिरफ्तार

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र स्थित राधिका ज्वेलर्स में हुई करोड़ों की चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया माल, घटना में प्रयुक्त वाहन सहित अन्य अहम सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 की रात से 21 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात चोरों ने ज्वेलरी शॉप में सेंध लगाकर 20 से 25 किलो चांदी के आभूषण और 300 से 400 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए थे। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई थी। मामले में थाना मुखानी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
सटीक रणनीति से पकड़ा गया गिरोह
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखंड और नेपाल बॉर्डर तक लगातार दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
54 ग्राम पीली धातु (सोना) — अनुमानित कीमत ₹6.50 लाख
7.245 किलोग्राम सफेद धातु (चांदी) — अनुमानित कीमत ₹15.50 लाख
चोरी में प्रयुक्त वाहन (UP31 AU 5867)
बरामद किया है।
आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस
पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी कई राज्यों में चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस उनकी अन्य आपराधिक गतिविधियों और नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम को ₹2500 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी और संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।








