अन्य प्रदेशउत्तराखंड

लालकुआं के दीपक पाठक बने लोको पायलट, रेलवे भर्ती बोर्ड परीक्षा में चयन से बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

खबर शेयर करें -

लालकुआं (नैनीताल)।
लालकुआं निवासी 25 वर्षीय दीपक पाठक ने रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा आयोजित परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए छत्तीसगढ़–बिलासपुर जोन में लोको पायलट पद पर चयन पाकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दीपक ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि मई 2025 में प्राप्त की।
दीपक पाठक के पिता अशोक पाठक सेंचुरी पेपर मिल में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दीपक ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बेरीपड़ाव स्थित एवरग्रीन स्कूल से प्राप्त की, जहां उन्होंने हाईस्कूल प्रथम श्रेणी एवं इंटरमीडिएट द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण किया। इसके बाद दीपक ने बाजपुर से आईटीआई (इलेक्ट्रिकल ट्रेड) की पढ़ाई पूरी की।
तकनीकी शिक्षा के साथ निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें रेलवे जैसी प्रतिष्ठित सेवा तक पहुँचाया। दीपक की एक छोटी बहन भी है, जो वर्तमान में एमएससी की पढ़ाई कर रही है।
अपनी सफलता का श्रेय देते हुए दीपक ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन व आशीर्वाद का परिणाम है। उनकी सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है और पूरे क्षेत्र में हर्ष एवं गर्व की भावना देखी जा रही है।
दीपक पाठक की इस उपलब्धि पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता आज के युवाओं के लिए प्रेरणा है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ निश्चय से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles