मंडी डबल मर्डर का 12 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी
हल्द्वानी के बड़ी मंडी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।
युवक-युवती की हत्या से शहर में दहशत का माहौल था, लेकिन नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ी मंडी इलाके में एक युवक और युवती के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि दोनों की हत्या सिर पर भारी पत्थर से वार कर की गई थी। घटनास्थल से खून से सना पत्थर भी बरामद किया गया।
मृतकों की पहचान
दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान शुभम टम्टा (निवासी अल्मोड़ा) और लक्ष्मी पोखरिया (निवासी ओखलकांडा, नैनीताल) के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवक-युवती के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान युवती के साथ अभद्रता की गई, जिसका दोनों ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले युवक पर हमला किया और बाद में युवती की भी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने के उद्देश्य से दोनों के सिर पर पत्थर से वार किए गए।
आरोपी और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों में गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर, सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और दीपेश लटवाल उर्फ राज शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी गौरव नेगी पर पहले से 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दीपेश लटवाल पर एनडीपीएस सहित तीन मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस का बयान
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए नगद पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





