सीएम धामी की नाराजगी के बाद हरकत में पुलिस महकमा, एसएसपी देहरादून ने जारी किए सख्त निर्देश


देहरादून।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कोतवाली डालनवाला के औचक निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताए जाने के बाद पुलिस महकमा एक्शन मोड में आ गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून श्री अजय सिंह ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों को ठोस और स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
एसएसपी देहरादून द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अब जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में उच्च स्तरीय साफ-सफाई व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। निर्देशों में कहा गया है कि यथा संभव प्रत्येक रविवार पुलिसकर्मी रोटेशन के आधार पर एक घंटे का श्रमदान करेंगे। इस दौरान थाना परिसर, बैरक और मैस की साफ-सफाई को चाक-चौबंद रखा जाएगा।
इसके साथ ही एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थानों में उपलब्ध अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यावधिक करने तथा ऑनलाइन पोर्टल और सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
एसएसपी देहरादून ने सभी पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल अंतर्गत आने वाले थानों का आकस्मिक निरीक्षण करने तथा लंबित अर्द्धवार्षिक निरीक्षण शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा कोतवाली डालनवाला में किए गए औचक निरीक्षण के बाद जारी निर्देशों के क्रम में शनिवार को थाना डालनवाला में पुलिसकर्मियों द्वारा श्रमदान किया गया, जहां थाना परिसर, मैस और बैरक की व्यापक साफ-सफाई की गई।






