राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नैनीताल प्रवास सम्पन्न — मां नयना देवी व कैंची धाम में पूजा, युवाओं को दिया प्रेरणादायी संदेश

हल्द्वानी, 04 नवंबर 2025।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय नैनीताल प्रवास सोमवार को सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। इस दौरान राष्ट्रपति ने प्रदेश की आस्था और आध्यात्मिकता से जुड़ी दो प्रमुख स्थलों — माँ नयना देवी मंदिर और कैंची धाम में पूजा-अर्चना कर उत्तराखंड सहित समूचे देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के 20वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। समारोह में उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को डिग्रियाँ और पदक प्रदान किए तथा युवाओं को समर्पण और अनुशासन के साथ देश निर्माण में जुटने का संदेश दिया।
अपने व्यस्त कार्यक्रमों को पूर्ण करने के पश्चात राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने सोमवार शाम हल्द्वानी आर्मी हेलीपैड से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान किया।
राष्ट्रपति के विदा अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊँ ऋद्धिम अग्रवाल, डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।





