उत्तराखंड

हल्द्वानी में पुलिस सुरक्षा पर सवालआईजी आवास से 100 मीटर दूर दिनदहाड़े चोरी, किराएदार बनकर आए युवक ने दिया वारदात को अंजाम

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी।

शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए हैं। उत्तराखण्ड के हल्द्वानी में आईजी आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित बद्रीपुरा जैसे अति-संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। इस घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक किराएदार बनकर मकान में रहने आया था। मौका पाकर उसने दूसरी मंजिल से घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय घर में केवल एक महिला मौजूद थी, जिससे वह दहशत में आ गई। चोरी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पार्षद रवि जोशी सहित क्षेत्रवासियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हीरा नगर चौकी की है, जो आईजी बंगले से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे हाई-सिक्योरिटी जोन में दिनदहाड़े चोरी की घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को चिंतित किया है, बल्कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गश्त प्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा दिया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles