
नई दिल्ली।
त्योहारों की भीड़ के बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को अचानक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने प्लेटफॉर्म और ट्रेनों का निरीक्षण करते हुए यात्रियों से सीधी बातचीत की। रेल मंत्री ने ठसाठस भरी ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से उनकी यात्रा संबंधी अनुभवों, सुविधाओं और समस्याओं के बारे में जाना।
मंत्री ने कहा कि “यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कंट्रोल रूम का भी लिया जायज़ा
निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने स्टेशन पर बने मिनी कंट्रोल रूम का दौरा किया, जहां पूरे स्टेशन की निगरानी CCTV कैमरों के ज़रिए 24 घंटे की जाती है।
उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भारत की आत्मनिर्भरता और डिजिटल प्रगति पर बोले मंत्री
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि भारत आने वाले वर्षों में महत्वपूर्ण खनिजों और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में आत्मनिर्भर बने।
उन्होंने कहा, “हम यह सुनिश्चित करेंगे कि भारत का टैलेंट देश में ही अवसर पाए, विदेश जाने की जरूरत न पड़े।”
सरकार डिजिटल क्रेडिट के माध्यम से वित्तीय सेवाओं को देश के हर कोने तक पहुंचाने के लिए भी कदम उठा रही है।
90 प्रतिशत भारत 5G नेटवर्क से जुड़ा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत ने 5G तकनीक को इतनी तेज़ी से लागू किया कि “दुनिया हैरान रह गई।”
आज भारत के पास दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5G नेटवर्क है और देश का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा अब 5G नेटवर्क से कनेक्टेड है।
सरकार का स्पष्ट संदेश
रेल मंत्री का यह दौरा इस बात का संकेत है कि केंद्र सरकार त्योहारों के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और तकनीकी प्रगति — तीनों मोर्चों पर सक्रिय मोड में काम कर रही है।





