*लालकुआं में सनसनी: झाड़ियों के बीच से कक्षा 10 की छात्रा रहस्यमयी तरीके से लापता, ड्रेस बरामद, मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने कहा……..! देखें पूरी खबर विडियो*

लालकुआं: क्षेत्र के मोटाहल्दू स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा 10 की एक छात्रा स्कूल से घर लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस और ग्रामीण छात्रा की तलाश में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, महावीर औद्योगिक संस्थान क्षेत्र निवासी सतीश उपाध्याय की पुत्री ललित उपाध्याय (कक्षा 10) स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी। घर जाने के लिए उसे काली मंदिर के पास झाड़ियों के बीच से गुजरना पड़ता है। इसी रास्ते में वह अचानक लापता हो गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि छात्रा की स्कूल ड्रेस झाड़ियों के बीच से बरामद हुई है, जिससे घटना और भी रहस्यमयी हो गई है। छात्रा के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा और हल्दूचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है, जो हर एंगल से जांच कर रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि छात्रा के लापता होने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
एसपी सिटी जगदीश चंद्र ने बताया कि डायल 100 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गहन जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि छात्रा की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पूरा क्षेत्र दहशत और चिंता के माहौल में है, वहीं परिजन अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की आस लगाए बैठे हैं।





