अंकिता भंडारी प्रकरण पर उत्तराखंड पुलिस का बड़ा खुलासा

“केस में किसी VIP की भूमिका नहीं, जांच पूरी तरह निष्पक्ष” – पुलिस का स्पष्टीकरण
देहरादून।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक चर्चाओं और आरोपों पर उत्तराखंड पुलिस ने बड़ा स्पष्टीकरण दिया है। पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कहा कि इस मामले में किसी भी वीआईपी का नाम सामने नहीं आया है, और माननीय न्यायालय ने भी इस तथ्य को स्वीकार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना सामने आते ही तीनों मुख्य आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जो आज भी न्यायिक हिरासत में हैं। मामले की SIT जांच पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की गई, जिसमें रिसॉर्ट कर्मचारियों समेत सभी अहम गवाहों से पूछताछ की गई।
शव की बरामदगी को लेकर उठाए गए सवालों पर भी पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया कानून और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप पूरी की गई। किसी भी स्तर पर लापरवाही या दबाव की बात निराधार है।
पुलिस ने यह भी स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर वायरल कुछ ऑडियो क्लिप्स और फेसबुक लाइव में लगाए गए आरोपों की अलग से जांच चल रही है। इस संबंध में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, हालांकि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अंत में उत्तराखंड पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि
👉 यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई ठोस जानकारी या साक्ष्य हों, तो पुलिस को उपलब्ध कराएं।
पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष है, थी और न्यायालय के निर्देशों के अनुसार आगे भी जारी रहेगी।







