उत्तराखंड: आज से शुरू हुआ SIR अभियान, BLO घर-घर पहुंचाकर बांटेंगे गणना फार्म, मतदाता रखें पासपोर्ट फोटो तैयार

देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत आज से हो गई है। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित करेंगे और उन्हें बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से अपडेट करेंगे।
घर पर न मिलने पर भी मिलेगी सुविधा
यदि कोई मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहता है, तो वह “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर का उपयोग कर सकता है। मतदाता वेबसाइट या ECI-Net मोबाइल ऐप के माध्यम से कॉल बुक कर सकते हैं, जिसके बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ उनसे संपर्क करेगा।
अगर बीएलओ के दौरे के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो बीएलओ तीन बार पुनः विजिट करेगा और घर पर स्टिकर लगाकर अगली विजिट की तारीख व अपना मोबाइल नंबर भी लिखेगा, ताकि मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर सकें।
मतदाता ऑनलाइन भी भर सकते हैं गणना फार्म
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो मतदाता स्वयं गणना फार्म भरना चाहते हैं, वे voters.eci.gov.in पर विजिट कर या ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड करके अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड, भरकर और अपलोड कर सकते हैं। वहीं, “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर के जरिए भी मतदाता अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। कॉल बुक करने के बाद 48 घंटे के भीतर बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेंगे और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगे।
पासपोर्ट साइज फोटो रखें तैयार
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं। 8 जून से 7 जुलाई के बीच इस प्रक्रिया में किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
ये रहेगा पूरा कार्यक्रम
8 जून से 7 जुलाई: घर-घर जाकर गणना फार्म वितरण एवं संग्रह
14 जुलाई 2026: ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन
14 जुलाई से 13 अगस्त: दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि
14 जुलाई से 11 सितंबर: दावे-आपत्तियों का निस्तारण
15 सितंबर 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ECI-Net ऐप के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर भर सकते हैं और ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। वहीं नए पात्र मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।







