उत्तराखंड

सेंचुरी पेपर मिल में महिला दिवस की धूम: सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच क्रिकेटर मेघना सिंह ने बढ़ाया नारी शक्ति का उत्साह

खबर शेयर करें -

लालकुआं:-

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लालकुआँ स्थित सेंचुरी पेपर मिल के कम्युनिटी हॉल में महिलाओं के सम्मान, समानता और उनके सामाजिक-आर्थिक योगदान को समर्पित एक भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मिल परिवार की महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक समृद्धि का शानदार प्रदर्शन करते हुए रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे पूरा सभागार उत्साह और ऊर्जा से सराबोर हो गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना, आदित्य वंदना तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान वातावरण आध्यात्मिकता और संस्कृति की मधुर सुगंध से भर उठा। कार्यक्रम में उपस्थित मिल के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने नारी शक्ति को समर्पित इस विशेष आयोजन का भरपूर आनंद लिया।


इस अवसर पर मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सृजन, शक्ति और करुणा का स्वरूप माना गया है। उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों और परंपराओं में नारी को देवी के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है। नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं बल्कि समाज की प्रेरक शक्ति भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को “शक्ति” के रूप में पूजने की परंपरा सदियों से चली आ रही है।


उन्होंने कहा कि नारी जीवन की हर भूमिका में संतुलन, संवेदना और सामर्थ्य का अद्भुत संगम प्रस्तुत करती है। एक माँ के रूप में वह संस्कार देती है, बेटी के रूप में परिवार की आशा होती है, बहन के रूप में स्नेह का स्रोत होती है और एक कर्मठ महिला के रूप में समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।


अजय कुमार गुप्ता ने भगवान शिव के अर्धनारीश्वर स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्वरूप इस सत्य को दर्शाता है कि सृष्टि की पूर्णता पुरुष और नारी दोनों के संतुलन से ही संभव है। जब समाज में महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा मिलती है, तभी विकास की वास्तविक धारा प्रवाहित होती है।
मिल के सीओओ प्रणव शर्मा ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि नारी केवल परिवार की धुरी ही नहीं बल्कि समाज की प्रेरक शक्ति है। आज की महिलाएँ शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्योग और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने मिल परिवार की महिलाओं के समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान संस्थान की प्रगति में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सीएफओ महेन्द्र हरित ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं बल्कि सामाजिक विकास की अनिवार्य आवश्यकता है। जब महिलाओं को अवसर और सम्मान मिलता है तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देने लगता है।
उपाध्यक्ष नरेश ने अपने संबोधन में कहा कि नारी त्याग, धैर्य और संवेदना की प्रतिमूर्ति है तथा समाज में उनके योगदान को सीमित शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
मिल के वरिष्ठ अधिकारी अमित गंगवाल और परितोष राय ने भी महिलाओं के सम्मान और उनके बढ़ते योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएँ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से समाज को नई दिशा दे रही हैं। इस अवसर पर महाप्रबंधक एस.के. बाजपेयी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय महिला क्रिकेटर मेघना सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि उन्हें गर्व है कि वे एक बेटी हैं। उन्होंने कहा कि बेटियाँ केवल परिवार की शान ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की शक्ति भी हैं। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवतियों को आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने सपनों को पूरा करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मिल की महिलाओं द्वारा नृत्य, गीत, समूह प्रस्तुतियाँ और सांस्कृतिक झांकियों से भरपूर कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नारी सम्मान और समाज में महिलाओं की भूमिका को बेहद सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
पूरे कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन प्रतिमा जैन ने किया। उनके सहज और सुसंगठित संचालन ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
इस अवसर पर निधि गुप्ता, रश्मि हरित, मीरा शर्मा, माधुरी गंगवाल, प्रतिमा जैन सहित सैकड़ों महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज में महिलाओं को सम्मान, समान अवसर और सुरक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *