उत्तराखंड में 221 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम धामी बोले- पारदर्शिता के साथ लगातार मिलेंगे रोजगार के अवसर

देहरादून । मुख्यमंत्री आवास में मंगलवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा पशुपालन विभाग में चयनित युवाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नियुक्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार ने 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति देकर रोजगार उपलब्ध कराया है। उन्होंने इसे युवाओं के वर्षों के परिश्रम और संघर्ष की सफलता का स्वर्णिम क्षण बताते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम ने कहा कि युवाओं के चेहरों पर दिख रही खुशी इस बात का प्रमाण है कि सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब भर्ती प्रक्रियाओं में युवाओं के सपनों के साथ अन्याय होता था, लेकिन अब रिकॉर्ड समय में पारदर्शी तरीके से भर्तियां पूरी की जा रही हैं। राज्य सरकार ने नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है और भविष्य में भी युवाओं के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि चयनित अभ्यर्थी केवल सरकारी कर्मचारी नहीं बल्कि उत्तराखंड के विकास के सहभागी भी हैं। विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के प्रशिक्षण प्रखंड के 173 अनुदेशक, 4 वैयक्तिक सहायक तथा पशुपालन विभाग के 9 वैयक्तिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। वहीं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिना सिफारिश और पूरी पारदर्शिता के साथ नियुक्तियां हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में शहरी विकास विभाग में भी 215 लोगों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।






