साइकिलिंग से सेहत और फिटनेस का संदेश: आइटीबीपी के 34वीं वाहिनी में चला जागरूकता अभियान

हल्द्वानी/हल्दुचौड़

स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में 34वीं वाहिनी आईटीबीपी में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। सेनानी श्री अनिल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में साइकिलिंग को प्रोत्साहित करने हेतु बाइक्स स्टेशन, हल्द्वानी की टीम द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बाइक्स स्टेशन के मिस्टर सुरेश कुमार एवं संतोष कुमार आर्य ने उपस्थित पदाधिकारियों को साइकिलिंग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइकिलिंग न केवल हृदय को मजबूत बनाती है, बल्कि वजन नियंत्रित करने में मददगार है और तनाव को भी काफी हद तक कम करती है।

इस अवसर पर साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए गए, जिनमें नियमित रूप से साइकिल चलाना, अपनी क्षमता के अनुसार अभ्यास करना, सुरक्षा नियमों का पालन करना तथा साइकिलिंग से पहले और बाद में वार्म-अप व व्यायाम करना शामिल है।
कार्यक्रम में श्री हेमंत कुमार (द्वितीय कमान, 34 बटालियन आईटीबीपी), श्री संजय तिवारी (उप सेनानी), श्री शेखर चंद्र पुनेठा (सहायक सेनानी), श्री कृष्ण सिंह (सहायक सेनानी) सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह पहल जवानों को फिट और ऊर्जावान बनाए रखने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।








