Breaking Newsउत्तराखंड

“टिहरी में चारधाम यात्रियों से भरी बस पलटी, ब्रेक फेल होने से मचा हड़कंप; 39 यात्रियों की जान बची”

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ऋषिकेश-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर तोताघाटी के पास चारधाम यात्रियों से भरी एक बस अचानक ब्रेक फेल होने के कारण सड़क पर पलट गई। बस में कुल 39 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि बस सड़क किनारे खाई में नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK04 PA 0418 चारधाम यात्रा से लौटते हुए ऋषिकेश की ओर आ रही थी। सुबह करीब 8:30 बजे तोताघाटी के पास अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बस को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में ढालवाला और ब्यासी पोस्ट की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान बस में सवार सभी 39 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच यह घटना एक बार फिर वाहनों की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Pankaj Pandey

संपादक - आक्रामक न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *