अल्मोड़ा से फूंकेगा कांग्रेस का चुनावी बिगुल, राहुल गांधी की जनसभा के लिए सभी तैयारियां पूरी

अल्मोड़ा। उत्तराखंड की राजनीति में गुरुवार का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की आहट के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अल्मोड़ा पहुंचकर सिमकनी मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस इस रैली को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपने चुनावी अभियान का औपचारिक शंखनाद मान रही है। जनसभा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरे जिले में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।
रैली स्थल सिमकनी मैदान में मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। कांग्रेस संगठन इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटा हुआ है। प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं और समर्थकों के अल्मोड़ा पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
रैली की तैयारियों की निगरानी के लिए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता अल्मोड़ा में डेरा डाले हुए हैं। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष लेशपाल आर्या और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लगातार संगठनात्मक बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए जनसभा को सफल बनाने में जुटे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर लोगों को जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह केवल एक राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन के अभियान की शुरुआत है। पार्टी का दावा है कि राहुल गांधी की जनसभा प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने के साथ-साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती प्रदान करेगी।
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी की जनसभा को लेकर प्रदेशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग अल्मोड़ा पहुंचने की तैयारी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह जनसभा 2027 विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के चुनावी शंखनाद का काम करेगी और पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी।
कांग्रेस को उम्मीद है कि राहुल गांधी की यह रैली प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश देने के साथ आगामी चुनावी समीकरणों को भी प्रभावित करेगी। जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।








