फिट इंडिया का जनसंदेश लेकर निकली ITBP की साइकिल रैली, हल्दुचौड़ में “Sunday On Cycle” अभियान बना जागरूकता की मिसाल


हल्दुचौड़ |
फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 34वीं बटालियन, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), हल्दुचौड़ द्वारा रविवार को “Sunday On Cycle” Campaign का भव्य और प्रेरणादायक आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट श्री अनिल सिंह बिष्ट ने किया। उनके कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस साइकिल रैली में बटालियन के द्वितीय कमान श्री हेमंत कुमार, श्री संजीव कुमार, श्री शिखर चंद पुनेठा, दीपक शेहरावत सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ सहभागिता निभाई।
साइकिल रैली का शुभारंभ 34वीं वाहिनी मुख्यालय, हल्दुचौड़ से किया गया। इसके बाद रैली हल्दुचौड़, मोटा हल्दु, शास्त्री नगर फ्लावर मोड़ होते हुए विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी और पुनः वाहिनी मुख्यालय पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में आईटीबीपी के जवानों ने अनुशासनबद्ध तरीके से साइक्लिंग करते हुए आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
रैली के दौरान जवानों के हाथों में तिरंगा और फिट इंडिया अभियान से जुड़े संदेशों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। सड़क के दोनों ओर खड़े नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए जवानों का उत्साहवर्धन किया। कई स्थानों पर लोगों ने रैली का स्वागत कर फिट रहने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर कमांडेंट श्री अनिल सिंह बिष्ट ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और फिट रहना केवल व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में नियमित व्यायाम और साइक्लिंग जैसी गतिविधियां न केवल शरीर को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि फिट इंडिया अभियान का उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को शारीरिक रूप से सक्रिय और मानसिक रूप से सशक्त बनाना है। इसी सोच के तहत आईटीबीपी समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, जिससे जवानों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जवानों को दैनिक जीवन में योग, प्राणायाम, दौड़, साइक्लिंग और अन्य खेल गतिविधियों को शामिल करने की सलाह दी। साथ ही संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और सकारात्मक सोच को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताया।
पूरे आयोजन का माहौल अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मकता से भरा रहा। यह साइक्लिंग अभियान न केवल जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का माध्यम बना, बल्कि समाज के लिए भी फिट इंडिया का एक मजबूत संदेश लेकर सामने आया।
इस सफल आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि सुरक्षा बल और समाज मिलकर प्रयास करें, तो एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए जा सकते हैं।






