लालकुआं हादसा: सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत, क्षेत्र में शोक

लालकुआं:-
लालकुआं के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतकों की शिनाख्त हो गई है। पुलिस के अनुसार हादसे में मृतक आपस में पति-पत्नी थे, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
हादसे में 50 वर्षीय रामनिवास उर्फ पप्पू शर्मा और उनकी 46 वर्षीय पत्नी मालती शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों लालकुआं के बंजारी कंपनी क्षेत्र के निवासी थे। रामनिवास सेंचुरी पेपर मिल में मुंशी के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि दोनों स्कूटी से किसी निजी कार्य से वीआईपी गेट की ओर जा रहे थे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला। हेलमेट पहनने के बावजूद गंभीर चोटें आने से पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मामले की जांच तेज कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन का पता लगाया जा सके। वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।






