लालकुआं :- दुग्ध उत्पादकों को 2 रुपये बढ़ोतरी की सौगात, लालकुआँ दुग्ध संघ में उमड़ा जनसैलाब

लालकुआँ
लालकुआँ स्थित नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और प्रबंध कमेटी के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, महिलाएं और गणमान्य नागरिक पहुंचे, जिससे परिसर खचाखच भर गया। इस दौरान स्वच्छ दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गोष्ठी आयोजित की गई और दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य दीपा दरमवाल रहीं।
समारोह की शुरुआत दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा और संचालक मंडल के सदस्यों के स्वागत से हुई। उपस्थित लोगों ने पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में 800 से अधिक दुग्ध उत्पादकों, विशेषकर महिला दुग्ध उत्पादकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। एक फोन कॉल पर ही बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गईं, जिससे आयोजन स्थल पर उत्साह और ऊर्जा का माहौल बन गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वच्छ दूध उत्पादक गोष्ठी में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने किसानों और पशुपालकों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दूध की गुणवत्ता और स्वच्छता ही दुग्ध व्यवसाय की असली पहचान है और इससे ही उत्पादकों को बेहतर मूल्य और सम्मान मिलता है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। संवाद कार्यक्रम में महिला दुग्ध उत्पादकों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि दुग्ध व्यवसाय में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली महिलाओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए गए। महिला डेयरी विकास योजना के तहत प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महिला दुग्ध समिति हरिपुर कुंवर सिंह आनंदपुर तोक हल्द्वानी की दुग्ध उत्पादक हिमानी देवी को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली पुष्पा देवी को 15 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली दीपा देवी को 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। बताया गया कि हिमानी देवी प्रतिदिन लगभग 500 लीटर, पुष्पा देवी 350 लीटर और दीपा देवी करीब 250 लीटर दूध नैनीताल दुग्ध संघ को आपूर्ति करती हैं।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि 15 अप्रैल से दूध के खरीद मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाना तथा दुग्ध व्यवसाय को मजबूत बनाना है।
उन्होंने बताया कि अपने पहले कार्यकाल (2018–2024) के दौरान दुग्ध संघ ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू कीं, जिससे किसानों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिला। वहीं दूसरे कार्यकाल (2024–2026) में भी संघ को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले सात वर्षों में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग और योजनाओं से दुग्ध व्यवसाय को नई दिशा मिल रही है और आने वाले समय में दुग्ध उत्पादकों को और अधिक लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस अवसर पर डेयरी विकास विभाग के उपनिदेशक संजय उपाध्याय, यूसीडीएफ के आरएम तिवारी, संचालक मंडल सदस्य कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, दीपा बिष्ट, हेमा देवी, खष्टी देवी, पुष्पा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रभारी अभियंता राजेंद्र प्रसाद दुमका, सहायक प्रबंधक महिला डेयरी गीता ओझा सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।






