पोषण पखवाड़ा: महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूकता गोष्ठी आयोजित

लालकुआं/मोटाहल्दू:
आंगनबाड़ी केंद्र रेलवे बाजार बाड़ी-06 में आज “पोषण पखवाड़ा” कार्यक्रम के तहत महिलाओं एवं बच्चों के पोषण विषय पर एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों की माताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थियों को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को समय से टीकाकरण कराना बेहद आवश्यक है, जिसमें टी.टी. का पहला टीका गर्भावस्था के प्रारंभिक चरण में तथा दूसरा टीका एक माह बाद लगवाना चाहिए। साथ ही आंगनबाड़ी में पंजीकरण कर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
गोष्ठी में संतुलित आहार पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि दैनिक भोजन में हरी सब्जियां, मोटा अनाज, दालें, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, अंडे, मांस, मछली, मौसमी फल आदि को शामिल करना चाहिए। बच्चों के नियमित वजन एवं वृद्धि की निगरानी, स्वच्छता का ध्यान रखना, प्रतिदिन स्नान, साफ कपड़े पहनना तथा पर्याप्त नींद लेना भी आवश्यक बताया गया।
इसके अलावा धात्री माताओं को सलाह दी गई कि जन्म से छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध ही पिलाना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को अपने स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सहायिका टीना फौजदार, नजमा बेग, नीलम, गुलफशा, आरती, नीरज, गुलबदन, मुस्कान, मुन्नी देवी सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाया।








