“धाकड़ से ‘धुरंधर’ बने धामी: हल्द्वानी की जनसभा में राजनाथ सिंह का आक्रामक ऐलान, 2027 में फिर प्रचंड बहुमत का दावा”

हल्द्वानी |
उत्तराखंड के हल्द्वानी में धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित भव्य “विकास महाकुंभ” में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर सराहना करते हुए उन्हें नया राजनीतिक खिताब दे दिया। उन्होंने कहा कि धामी अब सिर्फ “धाकड़” नहीं, बल्कि “धुरंधर धामी” बन चुके हैं।

एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस विशाल जनसभा में रक्षा मंत्री ने धामी सरकार के चार साल के कार्यकाल को “बेमिसाल” बताते हुए विकास कार्यों की लंबी सूची जनता के सामने रखी। उन्होंने चारधाम यात्रा, मानसखंड कॉरिडोर, एम्स सैटलाइट सेंटर और जमरानी बांध जैसी बड़ी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में तेजी से विकास हुआ है।

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि पहले घोटालों की चर्चा होती थी, लेकिन अब भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार करने वालों की जगह जेल में है। उनके इस बयान पर जनसभा में जोरदार प्रतिक्रिया देखने को मिली।

राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही विधानसभा चुनाव के समय भाजपा की जीत की भविष्यवाणी कर दी थी, जो सही साबित हुई। अब उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में भी भाजपा दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य के कई कैबिनेट मंत्रियों ने रक्षा मंत्री का भव्य स्वागत किया। पूरी जनसभा के दौरान “धुरंधर धामी” का नारा गूंजता रहा, जिससे साफ संकेत मिला कि भाजपा इस नए राजनीतिक ब्रांडिंग के साथ आगे बढ़ने की रणनीति बना रही है।
यह कार्यक्रम न सिर्फ सरकार के चार साल का लेखा-जोखा रहा, बल्कि आने वाले चुनावों के लिए शक्ति प्रदर्शन भी साबित हुआ।








