हल्द्वानी : नगर आयुक्त परितोष वर्मा का सख्त निर्देश — निर्धारित माप के ठेले पर ही करें व्यवसाय, नियम उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

हल्द्वानी।
नगर निगम हल्द्वानी में सोमवार को नगर आयुक्त परितोष वर्मा की अध्यक्षता में फड़-फेरी व्यवसायी संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में फेरी संचालन को व्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अहम निर्णय लिए गए।
नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा अब तक 1826 फड़-फेरी व्यवसायियों को पहचान पत्र एवं फेरी प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी व्यवसायियों से अपने ठेलों पर पहचान पत्र और प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से रखने का आग्रह किया।
उन्होंने यह स्पष्ट निर्देश दिए कि—
4×6 फिट के निर्धारित मानक आकार के ठेले पर ही व्यवसाय किया जाए।
नियमों के विरुद्ध संचालन या यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों की फेरी पहचान व प्रमाणपत्र निरस्त कर दिए जाएंगे।
वैण्डिंग जोन चयन की प्रक्रिया तेजी से प्रगति पर है।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि नगर निगम प्रशासन के सहयोग से हल्द्वानी को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुंदर शहर बनाया जाएगा और सभी फेरी व्यवसायियों से सहयोग की अपील की।








