उत्तराखण्ड बड़ी खबर: हल्द्वानी किसान आत्महत्या मामले में सीएम धामी सख्त, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

देहरादून | नैनीताल
ऊधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर निवासी एक किसान द्वारा हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने के गंभीर मामले को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत संवेदनशीलता से संज्ञान में लिया है। मुख्यमंत्री ने कुमाऊँ आयुक्त श्री दीपक रावत को इस पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने स्पष्ट किया कि इस दुखद घटना से जुड़े सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन तथा पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगत किसान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।








