बसंत पंचमी पर उत्तराखंड में बदला मौसम का मिज़ाज, 10 जिलों में बर्फबारी — शीतलहर के चलते कई जिलों में स्कूल बंद, ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून।
बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी और मैदानी जिलों में बारिश के चलते ठंड एक बार फिर लौट आई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि खराब मौसम और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
लगातार हो रही बर्फबारी और शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी ठंडी हवाओं और बारिश ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है।
इन 10 जिलों में दर्ज की गई बर्फबारी
बसंत पंचमी के दिन प्रदेश के जिन जिलों में बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है, उनमें शामिल हैं —
अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और देहरादून के ऊंचाई वाले क्षेत्र।
लगातार बर्फबारी के चलते पहाड़ों की चोटियां पूरी तरह सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे नज़ारे बेहद मनमोहक हो गए हैं।
बर्फबारी के बीच रुद्रप्रयाग में सात फेरे, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दृश्य
रुद्रप्रयाग जिले के त्रियुगीनारायण क्षेत्र में बर्फबारी के बीच एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां दुल्हा-दुल्हन ने गिरती बर्फ के बीच सात फेरे लिए। यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
उत्तरकाशी में यातायात बाधित, कई वाहन फंसे
उत्तरकाशी जिले के चोरंगी खाल क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण बड़ी संख्या में वाहन फंस गए, जिससे लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम मौके पर पहुंची और बर्फ हटाने का कार्य शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया गया।
मैदानी जिलों में बारिश से बढ़ी ठंड
पर्वतीय जिलों के साथ-साथ चम्पावत, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में सुबह से लगातार बारिश होती रही।
हल्द्वानी में भी दिनभर बादल छाए रहे और शीतलहर के साथ हल्की बूंदाबांदी व रिमझिम फुहारों ने ठंड में इजाफा कर दिया।
खराब मौसम के चलते इन जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित
बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
छुट्टी घोषित जिलों में शामिल हैं —
देहरादून,नैनीताल,पौड़ी गढ़वाल,टिहरी गढ़वाल,उत्तरकाशी
,रुद्रप्रयाग,चमोली, उधम सिंह नगर
हालांकि आदेश के अनुसार शिक्षक एवं विभागीय कर्मचारी आवश्यकतानुसार उपस्थित रहेंगे।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि —
बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने दें। मौसम की गंभीरता को देखते हुए सतर्क रहें।
साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौसम पर लगातार नजर बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
अगले 3 घंटे का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसमें शामिल जिले —
चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और देहरादून के ऊंचाई वाले क्षेत्र।
तीन महीने बाद चार जिलों में बर्फबारी
सीजन की पहली बर्फ
करीब तीन महीने बाद प्रदेश के चार प्रमुख क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिली है।
यमुनोत्री, गंगोत्री धाम और चकराता में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है।
नैनीताल में मौसम की पहली
बर्फबारी, शहर सफेद चादर में ढका
पर्यटन नगरी नैनीताल में इस मौसम की पहली बर्फबारी ने पूरे शहर को सफेद चादर से ढक दिया।
नयना पीक, स्नोव्यू, टिफिन टॉप, किलबरी, सात नंबर, बिड़ला चुंगी समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिली, जबकि मॉल रोड पर बारिश और हल्के ओले पड़े।
बर्फबारी से जहां स्थानीय लोगों और पर्यटकों के चेहरे खिल उठे, वहीं तापमान में भारी गिरावट भी दर्ज की गई।
आगे और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड और अधिक बढ़ेगी, साथ ही बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी।






