बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण में सुबह 9 बजे तक 13% मतदान, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर में सबसे आगे

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान गुरुवार सुबह उत्साह और शांति के माहौल में जारी है। सुबह 9 बजे तक 13.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
सबसे अधिक मतदान बेगूसराय (14.60%) और मुजफ्फरपुर (14.38%) में हुआ है, जबकि पटना में सबसे कम 11.22% वोटिंग दर्ज की गई। चुनाव आयोग ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
इस चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है, जिनमें 102 सामान्य सीटें और 19 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटें हैं।
कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता आज 1314 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
इनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव जैसे कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर है।
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए साढ़े चार लाख सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान कक्ष के बाहर मोबाइल रखने के लिए विशेष किट भी उपलब्ध कराए गए हैं।
अन्य जिलों में मतदान का प्रतिशत इस प्रकार रहा —
सहरसा (15.27%), वैशाली (14.30%), खगड़िया (14.15%), मधेपुरा (13.74%), गोपालगंज (13.97%), सिवान (13.35%), सारण (13.30%), मुंगेर (13.37%), लखीसराय (13.39%), भोजपुर (13.11%) और बक्सर (13.28%)।
संवेदनशील क्षेत्रों में शाम 5 बजे तक और अन्य स्थानों पर शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा।
चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान प्रक्रिया सुरक्षित और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।







